पंडरिया। नगर पालिका परिषद पंडरिया क्षेत्र में अब विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगर में 55 विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 2 करोड़ 80 लाख 98 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृत कार्यों में किड्स प्ले एरिया, जॉगिंग एरिया, पेयजल व्यवस्था, सीसी रोड, स्ट्रीट एवं हाई मास्ट लाइट, विद्युत पोल स्थापना, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य शामिल हैं।
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सुशासन और विकासोन्मुख नीतियों के परिणामस्वरूप जनता को निरंतर विकास की सौगात मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कांग्रेस शासन के दौरान जो कार्य ठप्प पड़े थे, वे अब तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं। जनता की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं शहरी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को गति देने हेतु सड़क, चौक-चौराहों का निर्माण और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक बोहरा ने बताया कि हाल ही में नगरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को ध्यान में रखते हुए उनके निरंतर प्रयासों से केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा एनएच 130ए के अंतर्गत पंडरिया नगर के 4.55 किलोमीटर सड़क मरम्मत कार्य हेतु 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसका टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
इससे पहले भी पंडरिया नगर पालिका क्षेत्र में 1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है। स्वच्छता व्यवस्था हेतु नए वाहनों की खरीदी, हरिनाला पुल निर्माण, पंडरिया बाईपास निर्माण और कॉलेज छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर निर्माण और बिसेसरा से पंडरिया तक चार लेन सड़क निर्माण की घोषणा की जा चुकी है, जो प्रक्रिया में है।
विधायक बोहरा ने कहा कि पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ हो रहे ये विकास कार्य पंडरिया नगर की तस्वीर बदल रहे हैं। आने वाले समय में ये परियोजनाएं नगर की आर्थिक प्रगति और जनसुविधाओं के विस्तार में मील का पत्थर साबित होंगी।

 
			
