कवर्धा। कबीरधाम जिले में धान खरीदी के दौरान अवैध धान को सरकारी संग्रहण केंद्र में खपाने का आरोप सामने आया है। यह आरोप छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव आकाश केशरवानी ने लगाया है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आकाश केशरवानी के अनुसार 4 फरवरी की रात रबेली रोड स्थित माहेश्वरी राइस मिल से ट्रैक्टर में धान लोड किया गया। इसके बाद 5 फरवरी की सुबह ट्रैक्टर और पिकअप वाहन के माध्यम से 40 से 60 क्विंटल के बीच धान जेवड़नखुर्द धान संग्रहण केंद्र में उतारा गया। उनका आरोप है कि यह धान अवैध रूप से राइस मिल से लाकर सरकारी खरीदी केंद्र में खपाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने दावा किया कि इस दौरान न तो किसी प्रकार की जांच हुई और न ही वाहनों की रोक-टोक, जबकि प्रशासन द्वारा अवैध और बाहरी धान पर कड़ी निगरानी की बात कही जाती रही है। केशरवानी ने कहा कि पिछले खरीदी वर्ष 2024–25 में भी जिले में धान शॉर्टेज और अनियमितताओं के मामले सामने आए थे, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि वर्तमान खरीदी वर्ष 2025–26 में भी कई राइस मिलों के माध्यम से अवैध धान खपाए जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जो प्रशासनिक लापरवाही और सांठगांठ की ओर संकेत करती हैं।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


