रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य में पेयजल व्यवस्था को सुधारने और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 181 रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार वित्त विभाग ने इन पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है, जिससे विभाग के कामकाज में सुधार के साथ-साथ राज्य की पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पीएचई विभाग में उप अभियंता, अनुरेखक, सहायक ग्रेड-3 सहित विभिन्न पदों को भरने के लिए भेजे गए प्रस्ताव को वित्त विभाग ने हरी झंडी दे दी है। इस स्वीकृति के तहत कुल 181 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें उप अभियंता (सिविल) के 118 पद, उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के 10 पद, अनुरेखक के 37 पद, सहायक ग्रेड-3 के 2 पद, केमिस्ट के 12 पद और वाहन चालक के 2 पद शामिल हैं।
यह भर्ती प्रदेश में लोक स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और योजनाओं के क्रियान्वयन की गति तेज होगी। राज्य में चल रही पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न योजनाओं, विशेषकर नल जल जैसी फ्लैगशिप योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके साथ ही, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को लेकर भी उम्मीद बढ़ी है।
वित्त विभाग द्वारा दी गई मंजूरी के बाद पीएचई विभाग अब जल्द ही इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके लिए उम्मीदवारों को पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी विभाग की ओर से जारी की जाएगी।
इस नई भर्ती से राज्य में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कामकाज की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे समय पर पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।