अटल स्मृति सम्मेलन में अटल जी के विचारों और योगदान को किया गया स्मरण

Pushpraj Singh Thakur
3 Min Read

कवर्धा। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पंडरिया विधानसभा अंतर्गत यज्ञ स्थल, कुंडा में विधानसभा स्तरीय अटल समिति सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी और जिला संगठन प्रभारी महेश वर्मा उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री के साथ-साथ विदेश मंत्री और संसद की विभिन्न स्थायी समितियों के अध्यक्ष के रूप में देश की सेवा की। जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने विपक्ष के नेता के रूप में भी लोकतंत्र को मजबूती दी और छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा देकर यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनका जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। वे एक संवेदनशील कवि, प्रभावशाली वक्ता और दूरदर्शी नेता थे। तीन बार प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने संयम, संवाद और समन्वय की राजनीति को स्थापित किया। पोखरण परमाणु परीक्षण, लाहौर बस यात्रा, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे निर्णयों ने देश को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने यह सिद्ध किया कि राजनीति सत्ता का नहीं, साधना का मार्ग है। उनके आदर्श आज भी प्रेरणा देते हैं। वर्तमान में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हीं अटल संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है। कश्मीर से लेकर अयोध्या तक हुए परिवर्तन अटल जी की दूरदर्शिता का विस्तार हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि पहचान और अधिकार का सम्मान था। अटल जी के इस निर्णय के बाद राज्य ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने प्रगति की नई राह पकड़ी और वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। महिला, किसान और युवा वर्ग को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला संगठन प्रभारी महेश वर्मा और मुंगेली के पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेश पाठक ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page