पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देर रात सड़कों पर घूमने वालों और शराबी चालकों पर कसा शिकंजा

Pushpraj Singh Thakur
3 Min Read

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने देर रात सड़कों पर उतरकर खुद ही कानून व्यवस्था का जायजा लिया और कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने सिग्नल चौक और अन्य स्थानों पर रात को घूमने वाले लोगों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जाँच की। इस अभियान के दौरान लगभग 30 लोग शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई।

जाँच अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लालपुर रोड पर भी गश्त की, जहाँ देर रात तक बिना किसी कारण घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की गई। इस अभियान में डीएसपी श्री सिद्धार्थ चौहान, यातायात प्रभारी श्री प्रवीण खलखो, कोतवाली प्रभारी श्री लालजी सिन्हा, और निरीक्षक श्री नितिन तिवारी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे।

कबीरधाम पुलिस ने हाल के दिनों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस द्वारा शहर और आउटर क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है, जिससे कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले, नशे में वाहन चलाने वाले, और देर रात तक बिना कारण घूमने वालों पर लगाम कसी जा सके। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत, पुलिस ने आउटर एरिया में भी सघन कार्रवाई की है। ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से बचने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि शहर में कानून तोड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सुनसान इलाकों में अक्सर नवयुवक-युवतियां और प्रेमी जोड़े बैठे रहते हैं, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है। ऐसे इलाकों में अपराधिक गतिविधियों का होना आम बात है, और पुलिस इस पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए इन इलाकों में नियमित रूप से दबिश दी जा रही है। फिलहाल, ऐसे स्थानों पर मौजूद लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है, लेकिन भविष्य में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस का यह अभियान समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और अपराध पर कड़ी नज़र रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के नेतृत्व में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page