कवर्धा: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कवर्धा वनमंडल से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिले के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्काउट गाइड के सदस्य, हरितिमा समूह के सदस्य और अधिकारी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। स्काउट्स, गाइड्स एवं रोवर रेंजर्स ने उपमुख्यमंत्री के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने निःशुल्क पौधा वितरण के लिए स्ट्राइक फोर्स वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा, “प्रकृति को हरा-भरा बनाना है, एक पेड़ मां के नाम लगाना है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत देशभर में सितंबर 2024 तक 80 करोड़ और मार्च 2025 तक 140 करोड़ वृक्षों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।
इस अभियान की जानकारी देने के लिए भारत सरकार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक विशेष वेबपोर्टल तैयार किया है, जिसमें अभियान संबंधी जानकारी की नियमित प्रविष्टि की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि निःशुल्क पौधा प्राप्त करने के लिए विभाग द्वारा क्यूआर कोड जारी किए गए हैं, जिन्हें स्कैन करके पौधे प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके साथ ही 03 संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर सोमवार से शुक्रवार तक पौधों की मांग की जा सकती है, और शनिवार एवं रविवार को पौधों का वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सुशीला भट्ट, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, जनपद उपाध्यक्ष विरेन्द्र साहू, कैलाश चंद्रवंशी, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, दिनेश चंद्रवंशी, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, वन मंडलाधिकारी शशिकुमार सिंह, स्काउट गाइड, हरितिमा समूह के सदस्य, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि हमें मिलकर इस अभियान को सफल बनाना है और अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण को संरक्षित करता है, बल्कि हमारे भविष्य को भी सुरक्षित बनाता है।