कवर्धा: भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने बजट 2026 को बताया ‘विकसित भारत’ की दिशा में मजबूत कदम

Pushpraj Singh Thakur
2 Min Read

कवर्धा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप संतुलित, दूरदर्शी और जनहितकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश के सर्वांगीण विकास और आम नागरिकों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उमंग पाण्डेय ने कहा कि बजट में प्रत्येक सेक्टर को ध्यान में रखते हुए अनेक लाभकारी और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं, जिनका सीधा लाभ देश के युवाओं, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से आयकर अधिनियम के सरलीकरण, आर्थिक सुधारों पर जोर, तथा नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला निर्णय बताया।

उन्होंने कहा कि डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाइयों को सस्ता किए जाने की घोषणा से लाखों मरीजों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। वहीं ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देते हुए भारत में निर्मित स्मार्टफोन और टैबलेट के दाम कम होने की संभावना से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ घरेलू विनिर्माण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने खेल सामग्री पर विशेष फोकस को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि खेल उपकरण किफायती दरों पर उपलब्ध होने से युवाओं में खेल गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ेगी। इसके अलावा पशुपालन, कृषि और लघु उद्योग से जुड़े क्षेत्रों के लिए की गई घोषणाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगी।

उमंग पाण्डेय ने इस बजट को युवाओं के हित में प्रभावी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page