कवर्धा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) के विरोध को लेकर शहर का सियासी माहौल गर्माता नजर आया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष उमंग पांडेय के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिग्नल चौक पर जन आक्रोश रैली निकालते हुए कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों का पुतला दहन किया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन जब उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का अवसर आता है तो विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस और विपक्ष ने देश की माताओं-बहनों का अपमान किया है।
भाजयुमो प्रदेश सचिव मनीराम साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी मौजूद रहीं, जिन्होंने कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए महिलाओं के अधिकारों पर दोहरी राजनीति का विरोध किया। रैली में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
अंत में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाते हुए विपक्षी दलों का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और चेतावनी दी कि महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ किसी भी प्रकार का विरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



