भावना बोहरा के नेतृत्व में विकास की सशक्त पहल: दशरंगपुर–खंडसरा मार्ग के भूमिपूजन से पंडरिया में ग्रामीण प्रगति को नई दिशा

3 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली सड़क व पुल-पुलिया परियोजना से ग्रामीण संपर्क, कृषि परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा सशक्त आधार

Pushpraj Singh Thakur
3 Min Read

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दशरंगपुर में दशरंगपुर से खंडसरा तक प्रस्तावित सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। लगभग 3 करोड़ 3 लाख 68 हजार रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क करीब 3 किलोमीटर लंबी होगी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों में शामिल थी। भूमिपूजन के साथ ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। सुदृढ़ सड़क और पुल-पुलिया निर्माण से बरसात के दिनों में होने वाली आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों की निरंतरता राज्य और केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संतुलित और समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से दशरंगपुर, खंडसरा सहित आसपास के कई गांवों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में समय और लागत की बचत होगी। विद्यार्थियों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी सुलभ होगी। ग्रामीण व्यापार और लघु उद्यमों को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही सरकार का लक्ष्य है। यह सड़क भविष्य में क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page