कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और वनांचल इलाकों के विकास को लेकर बड़ी पहल सामने आई है। क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 4 करोड़ 2 लाख 88 हजार रुपये से अधिक के विभिन्न विकास और अधोसंरचना कार्यों को स्वीकृति मिली है। इससे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को बेहतर आवागमन सहित अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक निधि से 1 करोड़ 48 लाख 4 हजार रुपये, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से 1 करोड़ 30 लाख 65 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत 1 करोड़ 24 लाख 19 हजार रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों में मुख्य रूप से सीसी रोड, नाली, पुलिया निर्माण, सांस्कृतिक मंच, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि राज्य में विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत मिली स्वीकृतियों से गांवों में सड़क और नाली निर्माण कार्यों को गति मिलेगी, जिससे बारिश के समय जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। उन्होंने इन स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री के साथ-साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त किया।
पंडरिया विधानसभा में वर्तमान में लगभग 500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण विभिन्न चरणों में चल रहा है, जबकि इस वर्ष 200 किलोमीटर अतिरिक्त सड़क निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इसके अलावा सिंचाई और पेयजल के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित हैं। सुतियापाट नहर विस्तार परियोजना से 50 से अधिक गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
वनांचल क्षेत्रों में भी विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ी है। 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण, 3500 प्रधानमंत्री आवास, पेयजल के लिए टैंकर सुविधा और कई गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है। वहीं नगरीय क्षेत्रों में बाईपास निर्माण, हरिनाला पुल, नालंदा लाइब्रेरी, मिनी स्टेडियम और अन्य अधोसंरचना कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक निधि और विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों में गांव-गांव में सीसी सड़क, नाली, मंच निर्माण, स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार और पेयजल व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से पंडरिया विधानसभा में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।



