युवा आपदा मित्र योजना: आपदा प्रबंधन में दक्ष बन रहे हैं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के युवा

Pushpraj Singh Thakur
3 Min Read

रायपुर। युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा युवाओं को आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया जाना एक सराहनीय पहल है। जिला रायपुर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र, झांकी में 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में 115 युवा प्रतिभागी विभिन्न आपदा प्रबंधन कौशलों में दक्षता हासिल कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से संचालित हो रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जीवन रक्षक तकनीकों, प्राथमिक चिकित्सा, बाढ़ एवं भूस्खलन जैसी आपदाओं में बचाव कार्य, अग्निशमन, सीपीआर (CPR) तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। साथ ही स्काउटिंग की उपयोगी तकनीकें जैसे गांठ (Knots) बांधना भी सिखाया जा रहा है। नदी या बाढ़ में बह रहे व्यक्तियों का बचाव, गहरे पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन तथा मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने जैसे उन्नत अभ्यास इस प्रशिक्षण को और अधिक व्यावहारिक बना रहे हैं।

इस प्रशिक्षण की विशेषता यह है कि इसमें आपदा प्रबंधन के मूल सिद्धांतों पर बल देते हुए आपदा पूर्व तैयारी, बाढ़, भूकंप, भूस्खलन एवं चक्रवात के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अग्निशमन के तहत आग बुझाने के विभिन्न उपायों तथा वनाग्नि की रोकथाम के तरीकों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर जोखिम की पहचान एवं उसके न्यूनीकरण, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, बचाव किट की जानकारी तथा आपदा पीड़ितों को मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने के लिए मनोवैज्ञानिक प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण भी इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा जी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स के युवा सदैव सेवा भावना के साथ हर आपदा में सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। राज्य सचिव बृजेश वाजपेयी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रशिक्षण शिविर के सफल संचालन में राज्य संगठन आयुक्त अमित क्षत्रीय एवं जालवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू एवं सरिता पांडेय, जिला संगठन आयुक्त अवधेश विश्वकर्मा, स्टेट प्रोग्राम असिस्टेंट पुष्पराज सिंह ठाकुर, जिला सचिव रायपुर मृत्युंजय शुक्ला तथा जिला संगठन आयुक्त हेमंत शुक्ला का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही जिला सैनानी एवं अग्निशमन अधिकारी का विशेष सहयोग भी इस प्रशिक्षण को सफल बनाने में उल्लेखनीय रहा।

यह प्रशिक्षण न केवल युवाओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज सेवा के लिए भी तैयार कर रहा है।

Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page