भाजपा का पोस्टर वार जारी: कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार पर गुण्डाराज फैलाने का आरोप

Harsh Dongre
Harsh Dongre - Editor Kanker 37 Views
3 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ताज़ा घटनाक्रम में सूरजपुर हत्याकांड में NSUI नेता की गिरफ्तारी के बाद, भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है। इसमें कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर प्रदेश में ‘गुंडाराज’ के बीज बोने का आरोप लगाया गया है।

भाजपा का कार्टून पोस्टर
भाजपा की ओर से जारी इस पोस्टर में छत्तीसगढ़ के दो आम आदमी अखबार पढ़ते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चर्चा करते दिखाए गए हैं। पोस्टर में समाचार पत्र की हेडलाइन में लिखा गया है कि “कांग्रेस पार्टी के गुंडों पर साय सरकार के एक्शन”। इसके जरिए भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब गुंडाराज पनपने दिया गया।

भाजपा का कड़ा संदेश
पोस्टर के साथ भाजपा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा है, “प्रदेश म अब नई चलय कांग्रेसी गुंडा मन के राज…काबर कि अपराधी मन ऊपर नकेल कसत हे विष्णु सरकार…”। भाजपा ने वर्तमान में राज्य की विष्णु देव साय सरकार की सराहना करते हुए कहा कि अब कांग्रेस के गुंडों का राज नहीं चल पाएगा, क्योंकि सरकार अपराधियों पर सख्ती से नकेल कस रही है।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
छत्तीसगढ़ में हालिया आपराधिक घटनाओं के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के शासनकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी, वहीं कांग्रेस का दावा है कि वर्तमान भाजपा सरकार अपराधों को लेकर असफल हो रही है।

विपक्ष का रुख
कांग्रेस ने भाजपा के इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भाजपा केवल राजनीति कर रही है और वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। पार्टी का कहना है कि भाजपा को अपने शासन के दौरान बढ़ते अपराधों और कानून व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

यह पोस्टर वार अब सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच तीखे राजनीतिक हमलों का प्रतीक बन गया है, जिसमें दोनों पार्टियाँ एक-दूसरे पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साध रही हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!