हीरक जयंती वर्ष में स्काउट-गाइड्स की ऐतिहासिक साइकिल रैली: पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए जनजागरण का प्रेरणास्पद संदेश

कबीरधाम जिला संघ के नेतृत्व में निकली 5 किमी लंबी साइकिल रैली, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की भागीदारी ने दिया आचरण से बदलाव का संदेश — नगरवासियों में जागी पर्यावरणीय चेतना।

Pushpraj Singh Thakur
2 Min Read

कवर्धा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की स्थापना के 75वें हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में कबीरधाम जिला संघ द्वारा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु एक प्रभावशाली साइकिल संदेश रैली का आयोजन किया गया। यह रैली प्रातः 7 बजे बुढ़ामहादेव मंदिर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वीर स्तंभ चौक स्थित प्याऊ घर तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

यह आयोजन राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव एवं राज्य सचिव कैलाश सोनी के निर्देशन और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिन्होंने इसे एक प्रेरणास्पद अभियान के रूप में दिशा प्रदान की।

करीब 5 किलोमीटर लंबी इस रैली में जिले भर से सीनियर स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैनर, पोस्टर, तख्तियों, पाम्पलेट्स और साउंड सिस्टम के साथ नारों की गूंज ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और जल तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत की।

रैली की विशेष बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों और स्काउट संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वयं साइकिल चलाकर इसमें भागीदारी दी, जिससे समाज को यह संदेश गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल उपदेश नहीं, अपितु स्वयं के आचरण से शुरू होता है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला संघ अध्यक्ष शेखर बक्शी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जिला मुख्य आयुक्त रूपेश जैन, विश्व हिंदू परिषद से कैलाश शर्मा, पार्षद अजय ठाकुर, जिला सचिव नीलम यदु, जिला प्रशिक्षण आयुक्त सुजीत गुप्ता, संगठन आयुक्त अजय चंद्रवंशी व भगवती हठीले, राज्य युवा अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ठाकुर, रोवर लीडर विजय साहू व समीर खान, रेंजर लीडर सोनाली चंद्रवंशी, पुष्पांजलि तिवारी, मालिकराम मरकाम सहित भोरमदेव, भगत सिंह ओपन रोवर क्रू और मां सिंहवाहिनी ओपन रेंजर टीम के रोवर्स रेंजर्स एवं स्काउट्स गाइड्स सम्मिलित हुए।

यह आयोजन न केवल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बना, बल्कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी की एक अनुकरणीय मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।
Share This Article
Follow:
आप सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं एवं वर्तमान में India News के जिला ब्यूरोचीफ के रूप में काम कर रहे हैं। आप सॉफ्टवेयर डेवलपर एवं डिजाइनर भी हैं।

You cannot copy content of this page